दुधमुंहे बच्चे को लेकर कुएं में कूदी थी महिला, ससुराल पक्ष पर केस दर्ज
@apnaberasia:- बैरसिया तहसील के गुनगा थाना इलाके में शनिवार दोपहर महिला और उसके 15 माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में डूबने से मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शादी के बाद से महिला को ससुराल के लोग दहेज लाने के लिए परेशान कर रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने मासूम बच्चे के साथ खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस मामले में पति, जेठ, ससुर, सास और जेठानी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपि पति और जेठ को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
गुनगा थाना प्रभारी एचएस वर्मा ने बताया बैरसिया के नलखेड़ा निवासी 27 वर्षीय संगीता कुशवाहा की शादी अगस्त 2022 में गुनगा निवासी किसान सुनील कुशवाहा से हुई थी। उसका लगभग 15 माह का बेटा भी नितिन भी था। शनिवार दोपहर संगीता बेटे को गोद में लेकर घर से 50 मीटर की दूरी पर कुएं के पास बने देवी के स्थान पर पूजा करने गई थी। दोपहर करीब 12.30 बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में बच्चे के साथ कुएं में गिर गई थी। परिजनों ने गांव वालों की मदद से दोनों के शव बाहर निकाले थे। इस मामले की जांच एसडीओपी बैरिसया सर्वप्रिय सिन्हा ने की। संक्षिप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मां-बेटा की मौत डूबने से होना बताई गई थी। संगीता के ससुराल के लोगों ने पुलिस को बताया था कि महिला बच्चे को गोद में लेकर कुएं के पास लगे पेड़ से सीताफल तोड़ रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से कुएं में जा गिरी। वहीं मायके वालों ने अपने बयान में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति सहित ससुराल के लोग मायके से दहेज लाने के लिए दबाव बनाने लगे थे। इसके लिए बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। इस वजह से ही उसने इस तरह का कदम उठा लिया। इस मामले में पति सुनील, जेठ गोविंद, ससुर बाबूलाल, सास भगवती और जेठानी आशा के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपि पति और जेठ को गिरफ्तार भी कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Post a Comment